कवर्धा में 12.50 लाख की चोरी का खुलासा, पिता-पुत्र गिरफ्तार, 11.53 लाख बरामद

कवर्धा। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम मझगांव में 12 लाख 50 हजार रुपए की बड़ी चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की रकम में से 11 लाख 53 हजार रुपए नकद बरामद कर लिए हैं।

क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, ग्राम मझगांव निवासी हीरालाल साहू ने 24 सितंबर को सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 15 सितंबर की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच जब घर में कोई नहीं था, तब किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर आलमारी के लॉकर में रखे 12 लाख 50 हजार रुपए पार कर दिए।

रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। SP धर्मेंद्र सिंह छवई के निर्देशन में टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पतासाजी शुरू की।

जांच के बाद पुलिस पिता-पुत्र तक पहुंची, जिन्होंने पूछताछ में चोरी करना कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 11.53 लाख रुपए बरामद किए हैं, बाकी रकम खर्च करना बताया जा रहा है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *