
राजनांदगांव। ग्राम विचारपुर नवागांव में मुख्यमंत्री विद्युत अधोसंरचना विकास योजना के तहत निर्माणाधीन 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के कार्यपालक निदेशक (परियोजना) एम. जामुलकर और राजनांदगांव क्षेत्र के मुख्य अभियंता एचके मेश्राम ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा कर शेष कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उपकेंद्र में लगाए जा रहे विद्युत उपकरणों, निर्माणाधीन अधोसंरचना और प्रस्तावित फीडरों का जायजा लिया। निर्माण एजेंसी से कार्य की वर्तमान स्थिति और शेष कार्यों की जानकारी ली गई।
जामुलकर ने गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि उपकेंद्र को जल्द ऊर्जीकृत किया जा सके। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त मुख्य अभियंता मंगल तिर्की, अधीक्षण अभियंता शंकेश्वर कंवर, कार्यपालन अभियंता मुकेश कुमार साहू सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।4250 उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ
उपकेंद्र का निर्माण करीब 3.28 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। यहां 3.15 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा करीब 19 किलोमीटर 33 केवी और तीन किलोमीटर 11 केवी लाइन का निर्माण भी किया जा रहा है।
उपकेंद्र के ऊर्जीकृत होने से आसपास के 31 गांवों के करीब 4250 उपभोक्ताओं को बेहतर वोल्टेज और अधिक विश्वसनीय बिजली आपूर्ति मिलने में मदद मिलेगी। साथ ही क्षेत्र की बढ़ती विद्युत मांग को पूरा करने और आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने में सुविधा होगी।[rashi mandal]
