Today

नशे में रोज पीटता था पति, गुस्से में पत्नी ने कुल्हाड़ी से कर दिया काम तमाम

Report by manisha yadav

मोहला-मानपुर :  छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में घरेलू विवाद के दौरान पति की हत्या का मामला सामने आया है। खड़गांव थाना क्षेत्र के सिवनी गांव में एक महिला पर अपने पति पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी जान लेने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, मृतक शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट करता था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में दुर्ग जेल भेज दिया गया है।

शराब के नशे में घर पहुंचकर करता था मारपीट

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 16 नवंबर की रात कारजू राम पुराम शराब के नशे में घर पहुंचा था। आरोप है कि घर पहुंचने के बाद उसने अपनी पत्नी मालती बाई के साथ मारपीट शुरू कर दी। बताया गया है कि पति की कथित रोजाना की प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने गुस्से में घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली।

इसी दौरान उसने कारजू राम के चेहरे, गर्दन और सीने पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण कारजू राम की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की मां ने थाने पहुंचकर दी सूचना

घटना की जानकारी अगले दिन मृतक की मां जांगय बाई ने खड़गांव थाना पहुंचकर पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

जांच के दौरान पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई खून लगी कुल्हाड़ी सहित अन्य साक्ष्य जब्त किए।

पूछताछ में हत्या की बात स्वीकारने का पुलिस का दावा

पुलिस ने जांच के सिलसिले में मृतक की पत्नी मालती बाई से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान महिला ने पति पर कुल्हाड़ी से हमला करने और उसकी हत्या करने की बात स्वीकार की।

इसके बाद पुलिस ने 18 नवंबर को मालती बाई को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में दुर्ग जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *