धान खरीदी और आदान सहायता से खेती को मिला संबल, किसान अर्जुन राम राजवाड़े ने मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार

Report by manisha yadav

21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने पर भी पात्र किसानों को मिलेगी प्रति एकड़ पूरी आदान सहायता राशि

सरगुजा में 61 उपार्जन केंद्रों पर खरीदी की व्यवस्था, 62 हजार 471 किसानों का पंजीयन

रायपुर, धान खरीदी और कृषक उन्नति योजना के तहत आदान सहायता की व्यवस्था किसानों के लिए आर्थिक संबल बन रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदा जा रहा है। किसानों को प्रति क्विंटल 3,100 रुपये की दर का लाभ देने के साथ कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र कृषि रकबे पर 13,839 रुपये प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता प्रदान करने की व्यवस्था की गई है। प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी पूरी प्रति एकड़ आदान सहायता राशि मिलेगी।

सरगुजा जिले के रामपुर धान उपार्जन केंद्र में धान बेचने पहुंचे ग्राम नवाबांध निवासी किसान श्री अर्जुन राम राजवाड़े ने इस निर्णय पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने बताया कि धान बेचने के लिए उन्हें उपार्जन केंद्र में सुविधा मिल रही है। श्री राजवाड़े ने कहा कि उपज का उचित मूल्य और आदान सहायता मिलने से खेती के खर्चों को पूरा करने में मदद मिलेगी। उन्होंने किसान हित में लिए गए निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
श्री राजवाड़े ने कहा कि कम उत्पादन होने पर भी पात्र किसान को प्रति एकड़ पूरी आदान सहायता राशि मिलने का निर्णय विशेष रूप से राहत देने वाला है। इससे उन किसानों को भी लाभ होगा, जिनके खेत में उत्पादन 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम होता है। उनके अनुसार, शासन से मिलने वाली सहायता किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और अगली फसल की तैयारी में उपयोगी साबित होगी।

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में सरगुजा जिले के 62 हजार 471 किसानों ने धान विक्रय के लिए पंजीयन कराया है। उनका कुल पंजीकृत कृषि रकबा 67 हजार 929.40 हेक्टेयर है। किसानों की सुविधा के लिए पहले से संचालित 54 उपार्जन केंद्रों के अतिरिक्त सात नए केंद्र प्रारंभ किए गए हैं। इस प्रकार जिले में कुल 61 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से धान खरीदी की व्यवस्था की गई है।

जिले के सभी 61 उपार्जन केंद्रों में 15 नवंबर 2026 से धान खरीदी प्रारंभ की गई है। खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए बायोमेट्रिक प्रणाली लागू की गई है। साथ ही किसानों को ‘टोकन तुहर हाथ’ ऐप के माध्यम से घर बैठे टोकन प्राप्त करने की सुविधा दी गई है। श्री राजवाड़े ने कहा कि खरीदी केंद्रों की व्यवस्था और आदान सहायता से किसानों को अपनी उपज बेचने तथा खेती जारी रखने में संबल मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *