कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस, दीपक बैज बोले- चक्रवाती तूफान ने 80 फीसदी फसल उजाड़ी, कर्जमाफी करे सरकार

Report by manisha yadav

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार आ रहे चक्रवाती तूफानों और बेमौसम बारिश से किसानों को हुए नुकसान को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। शनिवार को राजधानी रायपुर स्थित राजीव भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया कि प्रदेश में पिछले 24 दिनों के भीतर तीन तूफान आए हैं, जिनसे किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने दावा किया कि करीब 80 प्रतिशत किसान प्रभावित हुए हैं, लेकिन सरकार अब तक नुकसान का सर्वे तक नहीं करा पाई है।

दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश के कई इलाकों में खेतों में खड़ी और काटकर रखी फसल बर्बाद हुई है। धान खरीदी केंद्रों में भी बारिश के कारण धान भीग रहा है। बस्तर में बाढ़ जैसे हालात बने थे और लाखों हेक्टेयर में फसल खराब होने की स्थिति है। इसके बावजूद किसानों को राहत देने के लिए सरकार की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं। उन्होंने सरकार से मांग की है कि प्रभावितों किसानों का कर्ज माफ करे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में संगठन महामंत्री मलकीत सिंह और पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू भी मौजूद रहे।

सर्वे और मुआवजे को लेकर सरकार पर सवाल

दीपक बैज ने कहा कि सरकार तीन चक्रवातों से हुए नुकसान का आकलन तक नहीं कर पाई है। पटवारी हड़ताल पर हैं, ऐसे में सवाल उठता है कि फसलों के नुकसान का सर्वे कौन करेगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार मुंह से ही सर्वे करने का काम कर रही है। किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिल पा रहा है और वे लगातार आर्थिक नुकसान झेल रहे हैं। बैज ने कहा कि किसानों ने कर्ज लेकर खेती की थी, लेकिन प्राकृतिक आपदा के कारण उनकी मेहनत और लागत दोनों पर संकट आ गया है। कांग्रेस किसानों की मांगों का समर्थन करती है। उन्होंने सरकार से प्रभावित किसानों का कर्ज माफ करने और नुकसान के अनुरूप उचित मुआवजा देने की मांग की।

धान खरीदी को लेकर सरकार की मंशा पर उठाए सवाल

दीपक बैज ने धान खरीदी व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकार की मंशा किसानों से धान खरीदने की नहीं है। उन्होंने कहा कि जब किसान पहले से ही प्राकृतिक आपदा की मार झेल रहे हैं, ऐसे समय में धान खरीदी केंद्रों में फसल का भीगना उनकी परेशानी और बढ़ा रहा है। सरकार को तत्काल व्यवस्था सुधारने और किसानों को राहत देने की जरूरत है।

छत्तीसगढ़ के अपमान के मामले में कार्रवाई नहीं होने पर भी घेरा

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दीपक बैज ने छत्तीसगढ़ की अस्मिता, संस्कृति और यहां के निवासियों के अपमान से जुड़े मामले में कार्रवाई नहीं होने पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को छत्तीसगढ़ की बोली, भाषा, संस्कृति और आस्था को ठेस पहुंचाने वाले अपशब्दों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। प्रदेश की एकता और अखंडता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। बैज ने कहा कि इस मामले में एक दर्जन से अधिक थानों में शिकायतें दर्ज कराई गई है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई करने की जिम्मेदारी सरकार की है। आखिर सरकार चुप क्यों बैठी है? क्या सरकार चूड़ी पहनकर बैठ गई है?

बता दें कि मधुबाला गिरी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें छत्तीसगढ़ के अस्तित्व को लेकर सवाल उठाने के साथ ही अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है। वीडियो में चप्पल से मारने जैसी टिप्पणी किए जाने का भी आरोप है। इस मामले को लेकर प्रदेश में विरोध और शिकायतों का दौर जारी है। दीपक बैज ने सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता, संस्कृति और यहां के लोगों के सम्मान से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *