मध्यप्रदेश : सभी 230 सीटों के लिए आज शाम थम जाएगा चुनाव प्रचार अभियान

Report by manisha yadav

मध्यप्रदेश में सोलहवीं विधानसभा के गठन के लिए हो रहे चुनाव का प्रचार अभियान चरम पर पहुंचने के बाद मतदान समाप्ति के 48 घंटे पहले यानी आज शाम थम जाएगा। चुनावी शोरगुल थमने के बाद प्रत्याशी मतदाताओं के घर घर जाकर संपर्क कर सकेंगे।
चुनाव प्रचार अभियान के अंतिम दिनों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के साथ ही विभिन्न दलों के नेताओं ने भी अपनी पूरी ताकत झोंक दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल तीन सभाएं बैतूल, झाबुआ और शाजापुर में कीं। वे हाल के दिनों में लगभग एक दर्जन सभाओं को संबोधित कर चुके हैं और भाजपा का प्रचार अभियान श्री मोदी के चेहरे पर ही केंद्रित होकर रह गया।
चुनाव प्रचार के अंतिम दिन आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे राजधानी भोपाल और राज्य के आदिवासीबहुल क्षेत्र बैतूल में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। वहीं पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी आज भाजपा के गढ़ दतिया और सीधी में कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में वोट मांगेंगी।
इसके पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने कल विदिशा में चुनावी सभा को संबोधित किया। भाजपा और कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता भी राज्य में विभिन्न स्थानों पर प्रचार अभियान में जुटे रहे।
राज्य में सभी 230 क्षेत्रों में मतदान के लिए 17 नवंबर शुक्रवार का दिन निर्धारित किया गया है। मतदान सुबह सात बजे प्रारंभ होकर शाम छह बजे तक चलेगा। हालाकि नक्सली प्रभावित बालाघाट, डिंडोरी और मंडला जिले के संबंधित नक्सली क्षेत्रों में स्थित मतदान केंद्रों में मतदान की प्रक्रिया सुबह सात बजे प्रारंभ होकर दिन में तीन बजे तक संपन्न करायी जाएगी। इस तरह राज्य में चुनाव प्रचार अभियान और इसका शोरगुल आज शाम छह बजे थम जाएगा। इसके बाद चुनावी सभाएं इत्यादि नहीं हो सकेंगी।
राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने यूनीवार्ता को बताया कि निर्वाचन आयोग ने सभी 230 सीटों पर निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से मतदान कराने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। राज्य के पांच करोड़ 60 लाख से अधिक मतदाता 65 हजार पांच सौ से अधिक मतदान केंद्रों पर पहचानपत्र के साथ पहुंचकर मतदान कर सकेंगे। उन्होंने सभी मतदाताओं से मतदान की प्रक्रिया में शामिल होने की अपील की है। विधानसभा चुनाव में कुल दो हजार 533 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें दो हजार 280 पुरुष, 252 महिलाएं और एक अन्य (थर्ड जेंडर) प्रत्याशी शामिल हैं।
राज्य में लगभग एक पखवाड़े पहले शुरू हुआ चुनाव प्रचार अभियान निरंतर गति पकड़ते हुए चरम पर पहुंच गया। इस दौरान भाजपा के अलावा मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के तमाम वरिष्ठ नेताओं ने विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर चुनावी सभाएं और रोड शो आदि के जरिए अपने दल और प्रत्याशियों का प्रचार किया। भाजपा की ओर से वरिष्ठ नेता अमित शाह, जे पी नड्डा, अनेक केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने प्रचार किया। वहीं कांग्रेस की ओर से श्री राहुल गांधी के अलावा सुश्री प्रियंका गांधी वाड्रा, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कमलनाथ ने प्रचार अभियान में बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और आम आदमी पार्टी (आप) के दो मुख्यमंत्रियों दिल्ली के अरविंद केजरीवाल और पंजाब के भगवंत मान समेत अन्य नेताओं ने भी चुनावी सभाओं को संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *