Today

छत्तीसगढ़ में व्याख्याता पदोन्नति काउंसिलिंग पूरी, 154 शिक्षकों ने दी नई पदस्थापना पर सहमति

रायपुर। लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देशानुसार शासकीय शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय शंकर नगर रायपुर में व्याख्याता तथा व्याख्याता एलबी टी-संवर्ग के पदों पर पदोन्नति के उपरांत पदस्थापना के लिए ऑनलाइन ओपन काउंसिलिंग आयोजित की गई। इस प्रक्रिया में कुल 194 पात्र अभ्यर्थियों की सूची तैयार की गई थी, जिसमें से 160 शिक्षक प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित हुए।

विभागीय आंकड़ों के अनुसार कुल उपस्थिति 82.47 प्रतिशत दर्ज की गई। काउंसिलिंग पूरी तरह पारदर्शी रही और उपस्थित शिक्षकों में से 154 ने शासन द्वारा प्रस्तावित नए विद्यालयों में पदभार ग्रहण करने की लिखित सहमति दे दी।

विषयवार उपस्थिति और असहमति का विश्लेषण

काउंसिलिंग में केवल छह शिक्षकों ने पदोन्नति के स्थान को लेकर असहमति व्यक्त की, जबकि किसी भी अभ्यर्थी ने पदोन्नति लेने से स्पष्ट इनकार नहीं किया। शेष 34 शिक्षक प्रक्रिया में अनुपस्थित रहे। विषयवार आंकड़ों पर नजर डालें तो जीव विज्ञान में 25 में से 23 शिक्षक उपस्थित रहे और 22 ने सहमति जताई। रसायन शास्त्र में 45 में से 39 उपस्थित हुए, जिनमें 34 ने सहमति दी। राजनीति विज्ञान में 17 उपस्थित शिक्षकों ने शत-प्रतिशत सहमति प्रदान की। इसके अलावा इतिहास में 21, भूगोल में 14 और अर्थशास्त्र में 44 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। भौतिक और वाणिज्य विषय में एक-एक शिक्षक पंजीकृत थे और दोनों ने सहमति जताई।तत्काल जारी किए गए पदांकन आदेश

लोक शिक्षण संचालनालय के उप संचालक हिमांशु भारतीय ने बताया कि काउंसिलिंग प्रारंभ करने से पूर्व सभी शिक्षकों को नियमों और उपलब्ध रिक्तियों की विस्तृत जानकारी दी गई थी। दावा-आपत्तियों के निराकरण के उपरांत अंतिम सूची पहले ही विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध करा दी गई थी। काउंसिलिंग में सहमति देने वाले सभी 154 शिक्षकों को उनके द्वारा स्वयं चुने गए विद्यालयों के लिए तत्काल पदांकन आदेश जारी कर दिए गए, जिससे वे शीघ्र कार्यभार ग्रहण कर सकें।[rashi mandal]

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *