Today

दुर्ग में गरबा विवाद पर भूपेश बघेल ने भाजपा-RSS पर साधा निशाना, बोले- पहले अपना घर सुधारें, फिर दें धर्म की सीख

.

दुर्ग में गरबा विवाद पर भूपेश बघेल ने भाजपा-RSS पर साधा निशाना, बोले- पहले अपना घर सुधारें, फिर दें धर्म की सीख

 दुर्ग। गरबा आयोजन में युवकों के प्रवेश को लेकर हुए विवाद के बाद राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा कि दूसरों को धर्म और संस्कृति की सीख देने से पहले नेताओं को अपने घर की ओर देखना चाहिए।

गुरुवार रात दुर्ग के सिविल लाइन स्थित हाकी मैदान में आयोजित गरबा कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस से जुड़े नेताओं के परिवारों में भी मुस्लिम परिवारों में विवाह हुए हैं। ऐसे में दूसरों के धर्म को लेकर सवाल उठाने के बजाय पहले अपने घर को देखना चाहिए।

भूपेश बघेल ने कहा कि गरबा सहित धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन सामाजिक मेलजोल के माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों में किसी व्यक्ति की धार्मिक पहचान को लेकर विवाद खड़ा करना उचित नहीं है। उन्होंने भाजपा और आरएसएस के नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग धर्म और संस्कृति की बात करते हैं, उन्हें पहले अपने परिवारों में झांकना चाहिए और इसके बाद दूसरों को धर्म का पाठ पढ़ाना चाहिए।

बता दें कि दुर्ग के सिविल लाइन स्थित हॉकी मैदान में बुधवार रात गरबा आयोजन के दौरान कुछ युवकों के प्रवेश को लेकर विवाद हुआ था। आयोजन स्थल पर पहुंचे कुछ लोगों ने युवकों की मौजूदगी पर आपत्ति जताई। इसके बाद आयोजकों और युवकों के बीच विवाद की स्थिति बनी और मारपीट भी हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मामले में शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है।[rashi mandal]

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *