Today

छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस पर PM मोदी ने दी बधाई, बस्तर से नवा रायपुर तक विकास और बदलाव की सराहना

छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस पर PM मोदी ने दी बधाई, बस्तर से नवा रायपुर तक विकास और बदलाव की सराहना

 रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को शुभकामनाएं दी हैं। राज्य के नाम लिखे अपने विशेष पत्र में उन्होंने छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा, बस्तर में आए सकारात्मक बदलाव और प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख किया।PM ने कहा कि राज्य सरकार का विजन डॉक्यूमेंट ‘अंजोर विजन’, ‘विकसित छत्तीसगढ़ से विकसित भारत’ के संकल्प को नई दिशा दे रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रदेश अपनी उपलब्धियों से मां भारती और छत्तीसगढ़ महतारी का गौरव बढ़ाता रहेगा।

प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में लिखा कि कुछ वर्ष पहले तक जो क्षेत्र माओवाद के ‘रेड कॉरिडोर’ के रूप में जाना जाता था, आज वही क्षेत्र शांति, विश्वास और विकास का केंद्र बन रहा है। सुरक्षा बलों के साहस और स्थानीय जनता के सहयोग से बस्तर में माओवाद कमजोर हुआ है। ‘बस्तर ओलिंपिक’ और ‘नियद नेल्ला नार’ जैसी योजनाएं इस इलाके को शांति, सुशासन और समृद्धि की राह पर आगे ले जा रही हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी स्थापना दिवस पर प्रदेश को बधाई दी है। मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री और गृहमंत्री दोनों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

अटल जी के दूरदर्शी फैसले को किया याद

PM मोदी ने अपने पत्र में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को भी याद किया। उन्होंने कहा कि 26 वर्ष पहले अटल जी के दूरदर्शी नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ था। इस ऐतिहासिक निर्णय ने लाखों लोगों की दशकों पुरानी मांग और आकांक्षाओं को पूरा कर विकास की एक नई यात्रा शुरू की थी।

उन्होंने लिखा कि संगठन के दिनों से ही उन्हें सरगुजा के वनांचल से लेकर बस्तर तक छत्तीसगढ़िया संस्कृति और जनजीवन को करीब से समझने और जानने का मौका मिला है। यही अनुभव उन्हें आज भी इस प्रदेश से जोड़े रखता है।

PM ने गिनाईं डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां

प्रधानमंत्री ने कहा कि संत गुरु घासीदास का ‘मनखे-मनखे एक समान’ का संदेश डबल इंजन सरकार की सभी नीतियों का आधार है। इसी भावना के साथ प्रदेश में विकास के काम हो रहे हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 51 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। वंदे भारत और अमृत भारत जैसी आधुनिक ट्रेनें शुरू की गई हैं। राज्य में चार आधुनिक हवाई अड्डों का नेटवर्क तैयार हो चुका है, जिससे कनेक्टिविटी बेहतर हुई है।

कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए PM ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 73 लाख जरूरतमंद परिवारों को मुफ्त अनाज दिया जा रहा है। ग्रामीण और शहरी इलाकों में 22 लाख से अधिक पक्के आवास बनाए जा चुके हैं। करीब ढाई करोड़ आयुष्मान कार्ड बनने से लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है।किसानों और महिलाओं के लिए चल रही योजनाओं पर उन्होंने कहा कि धान खरीदी की बेहतर व्यवस्था से 25 लाख से अधिक किसानों को उनकी उपज का अच्छा दाम मिल रहा है। महतारी वंदन योजना के तहत 68 लाख से अधिक माताओं-बहनों के खातों में हर महीने एक हजार रुपये भेजे जा रहे हैं।

शिक्षा और युवा अवसरों की बात करते हुए PM ने कहा कि एम्स, आईआईटी, आईआईएम और ट्रिपल आईटी जैसे संस्थान युवाओं को नए अवसर दे रहे हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत अब स्थानीय बोलियों में प्राथमिक शिक्षा दी जा रही है, ताकि बच्चों को अपनी भाषा में सीखने में आसानी हो।

सीएम साय ने जताया आभार

प्रधानमंत्री की शुभकामनाओं पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों का समृद्ध छत्तीसगढ़ बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार ‘विकसित भारत @ 2047’ के संकल्प को पूरा करने की दिशा में लगातार काम कर रही है।  [rashi mandal]

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *