Today

सचिन तेंदुलकर 22 अप्रैल को दंतेवाड़ा में बच्चों के साथ खेलेंगे क्रिकेट, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी रहेंगे मौजूद

Report by manisha yadav

रायपुर। भारतीय क्रिकेट के महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर 22 अप्रैल को दंतेवाड़ा जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे सपरिवार बस्तर क्षेत्र के ग्राम छिंदनार में पहुंचकर विभिन्न सामाजिक और खेल गतिविधियों में हिस्सा लेंगे, जहां बच्चों के साथ संवाद करने के साथ उनके साथ क्रिकेट भी खेलेंगे। 
सचिन तेंदुलकर दंतेवाड़ा के अबूझमाड़ से सटे इंद्रावती नदी किनारे स्थित ग्राम छिंदनार में स्थानीय बच्चों के साथ क्रिकेट खेलते नजर आएंगे। यह कार्यक्रम ग्रामीण खेलों को बढ़ावा देने और बच्चों में खेल के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। इस विशेष अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी कार्यक्रम में शामिल रहेंगे। सचिन तेंदुलकर और मुख्यमंत्री की मौजूदगी में बच्चों के साथ संवाद और विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे स्थानीय युवाओं को प्रेरणा मिलेगी।

सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन ने छिंदनार क्षेत्र में ग्रामीण खेलों और बच्चों के प्रशिक्षण के लिए पहले भी पहल की थी, जब यह इलाका नक्सल प्रभावित था। अब क्षेत्र में हालात सुधरने के बाद सचिन स्वयं यहां पहुंचकर बच्चों से मुलाकात करेंगे। हाल ही में सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन की टीम ने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान जन स्वास्थ्य सहयोग (गनियारी) संस्था और अचनाकमार टाइगर रिजर्व का दौरा किया था। इस दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा और आदिवासी क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की जानकारी ली गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *