Today

अवैध गुटखा फैक्ट्री में दीगर राज्यों के 13 मजदूर हिरासत में,पुलिस ने भारी मात्रा में सामान और मशीनरी किया जब्त

Report by manisha yadav

भिलाई नगर। दुर्ग जिले की पुलिस ने नंदिनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत चल रही एक गुटखा बनाने वाली यूनिट पर दबिश देकर न केवल नकली फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है, बल्कि भारी मात्रा में पैकिंग मटेरियल, तैयार माल और मशीनरी भी जब्त की है। यहां दीगर राज्यों से आकर काम कर रहे मजदूरों को भी हिरासत में लिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक इस अवैध फैक्ट्री में ‘मुसाफिर’ ब्रांड का जर्दा युक्त गुटका और एम 4 ब्रांड का सुगंधित जर्दा तैयार कर पैक किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान मौके से बड़ी संख्या में बने हुए गुटखे के पैकेट और कच्चे माल के साथ-साथ अत्याधुनिक पैकिंग मशीनें बरामद की गई हैं।

कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री में 13 मजदूर काम करते हुए पाए गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि ये मजदूर मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के रहने वाले हैं। पुलिस इन मजदूरों से पूछताछ कर रही है ताकि फैक्ट्री के असली संचालक और इसके नेटवर्क के बारे में अधिक जानकारी जुटाई जा सके।

जांच में यह बात सामने आई है कि यह अवैध यूनिट इसी साल अप्रैल की शुरुआत से संचालित की जा रही थी। कम समय में ही यहां से बड़े पैमाने पर माल खपाने की तैयारी थी, जिसे दुर्ग पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया।

दुर्ग पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फूड एंड सेफ्टी विभाग (खाद्य सुरक्षा विभाग) के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया। विभाग की टीम अब सैंपल लेकर सामग्री की जांच कर रही है और नियमों के उल्लंघन को लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि नंदिनी क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित इस फैक्ट्री की सूचना मिलने पर तुरंत टीम गठित कर कार्रवाई की गई। भारी मात्रा में मशीनरी और तैयार माल जब्त किया गया है। इस कारोबार के मुख्य सरगना की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *