बाउंसर फायरिंग केस: दूसरी युवती भी हुई मौत, पारिवारिक विवाद ने ली दो जिंदगियां

Report by manisha yadav

रायपुर । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हुए चर्चित फायरिंग केस में बड़ा अपडेट सामने आया है। अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही दूसरी युवती दुर्गेश्वरी ने बुधवार सुबह दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद अब इस गोलीकांड में मरने वालों की संख्या दो हो गई है। पूरा मामला रायपुर के मोवा थाना क्षेत्र का है।

पत्नी से विवाद के बाद चलाई गोलियां – जानकारी के अनुसार, आरोपी जितेंद्र वर्मा का मंगलवार रात अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि आरोपी अपने बच्चों से मिलने को लेकर नाराज था। इसी बात को लेकर घर में तनाव बढ़ गया।

विवाद के दौरान आरोपी ने गुस्से में अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाली और मौके पर मौजूद अपनी दोनों सालियों पर करीब तीन राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं।

अस्पताल में हुई दोनों बहनों की मौत – घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने दोनों युवतियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने पहली युवती गीतांजलि को मृत घोषित कर दिया था। वहीं दूसरी युवती दुर्गेश्वरी का इलाज चल रहा था, लेकिन बुधवार सुबह उसने भी दम तोड़ दिया।

वारदात के बाद आरोपी ने किया सरेंडर – फायरिंग की घटना के बाद आरोपी खुद थाने पहुंच गया और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। पुलिस ने तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी पिस्टल जब्त कर ली है।

नशे में होने की आशंका – प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात के समय आरोपी नशे में था। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

पुलिस का बयान – डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर ने बताया कि यह मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ है। आरोपी और उसकी पत्नी के बीच विवाद के बाद यह घटना हुई। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *