उप मुख्यमंत्री अरुण साव से छत्तीसगढ़ के अंतरराष्ट्रीय शूटर दिव्यांशु ने की मुलाकात

Report by manisha yadav

मिस्र में हुए जूनियर वर्ल्ड कप में वर्ल्ड रिकॉर्ड स्कोर के साथ जीत चुके हैं मिक्स्ड डबल में स्वर्ण पदक

जून में जर्मनी में होने वाले वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का करेंगे प्रतिनिधित्व

रायपुर. उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव से आज छत्तीसगढ़ के अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज दिव्यांशु देवांगन ने मुलाकात की। श्री साव के नवा रायपुर स्थित निवास कार्यालय में हुई मुलाकात के दौरान दिव्यांशु ने अपने अब तक के खेल सफर के बारे में जानकारी दी। उप मुख्यमंत्री ने मिस्र में जूनियर वर्ल्ड कप में स्वर्णिम सफलता पर उन्हें बधाई दी। श्री साव ने उन्हें अगले महीने जर्मनी में होने वाले वर्ल्ड चैंपियनशिप में अच्छे प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव से छत्तीसगढ़ के अंतरराष्ट्रीय शूटर दिव्यांशु ने की मुलाकात

रायगढ़ के रहने वाले दिव्यांशु देवांगन ने पिछले महीने अप्रैल में मिस्र के काहिरा में हुए जूनियर वर्ल्ड कप में 10 मीटर एयर रायफल शूटिंग में महाराष्ट्र की शांभवी श्रवण क्षीरसागर के साथ मिक्स्ड डबल में स्वर्ण पदक जीता है। इन दोनों ने मिलकर 499.9 अंक का स्कोर कर विश्व रिकॉर्ड भी स्थापित किया। दिव्यांशु अगले महीने जून में जर्मनी के सुहल में होने वाले वर्ल्ड चैंपियनशिप शूटिंग में भारतीय टीम की ओर से भागीदारी करेंगे।

दिव्यांशु दिसम्बर-2025 में भोपाल में आयोजित 68वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में रजत पदक जीत चुके हैं। उन्होंने हाल ही में भोपाल में हुए कुमार सुरेन्द्र सिंह मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता है। वे इस साल जनवरी में पुणे में हुए जूनियर सलेक्शन ट्रायल में प्रथम स्थान पर रहे थे। उनका चयन खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2026 के लिए भी हुआ है। वे केंद्र सरकार की खेलो इंडिया योजना के तहत खेलो इंडिया एथलीट के रूप में भी अधिसूचित हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *