8 साल का इंतजार खत्म! ऑक्सीजोन से हटाए गए 69 दुकानदारों को मिलेगी नई दुकान, महापौर ने दिए बड़े निर्देश

Report by manisha yadav

रायपुर, करीब 8 साल पहले ऑक्सीजोन परियोजना के लिए हटाए गए 69 दुकानदारों को अब जल्द ही नई दुकानें दी जाएंगी। रायपुर नगर निगम ने इन दुकानदारों के व्यवस्थापन की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इन्हें क्रिस्टल आर्केड के सामने मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत दुकानें आवंटित की जाएंगी।

महापौर मीनल चौबे ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ऑक्सीजोन से विस्थापित दुकानदारों का सहमति के अनुसार नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से जल्द व्यवस्थापन किया जाए।

चबूतरे, पानी, रोशनी और सफाई की व्यवस्था के निर्देश

उन्होंने कहा कि दुकानों के आवंटन से पहले पूरे बाजार परिसर को व्यवस्थित किया जाए। इसके तहत चबूतरों की नंबरिंग, बैरिकेडिंग, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। सभी व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद ही दुकानों का आवंटन किया जाए।

2017 में कुछ घंटों में हटा दी गई थीं दुकानें

खालसा स्कूल के सामने सड़क चौड़ीकरण और ऑक्सीजोन परियोजना के लिए नगर निगम ने 26 दिसंबर 2017 को 69 दुकानों को हटा दिया था। यह कार्रवाई सुबह कुछ ही घंटों में पूरी कर दी गई थी। उस समय दुकानदारों ने आरोप लगाया था कि उन्हें पर्याप्त समय नहीं दिया गया, जिससे वर्षों से चल रहा उनका कारोबार अचानक बंद हो गया।

इसके बाद से दुकानदार लगातार पुनर्वास की मांग कर रहे थे। इस दौरान कई स्थानों पर व्यवस्थापन के प्रस्ताव दिए गए, लेकिन बाहरी इलाकों में दुकानें लेने से व्यापारियों ने इनकार कर दिया। बाद में शहर के भीतर उपयुक्त जगह की तलाश की गई। अब क्रिस्टल आर्केड के सामने इन दुकानदारों के व्यवस्थापन की तैयारी शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *