
सतना। कोलगवां थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 16 की कृपालपुर पुरेनिहा बस्ती में शुक्रवार को अवैध शराब बिक्री के विरोध में महिलाओं का आक्रोश सड़क पर उतर आया। बड़ी संख्या में महिलाएं लाठी-डंडे लेकर किराना दुकान पर पहुंचीं और दुकान बंद कराने की मांग को लेकर हंगामा किया।हंगामे के बाद प्रशासन ने दुकान बंद करा दी
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों की मौजूदगी में दुकान की जांच की गई, जहां काफी मात्रा में शराब मिलने की बात सामने आई। इसके बाद प्रशासन ने दुकान बंद करा दी।
कई साल से शराब बेचने का आरोप
स्थानीय महिलाओं का आरोप है कि शिवकुमार उर्फ बेटू चौधरी किराना दुकान की आड़ में लंबे समय से अवैध शराब बेच रहा था। महिलाओं का कहना है कि इस संबंध में पहले भी प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से समस्या बनी हुई थी। शुक्रवार को महिलाओं ने एकजुट होकर दुकान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।महिलाओं तथा स्कूली बच्चों को रास्ते से निकलने में परेशानी
महिलाओं के मुताबिक दुकान के पास ही एचटीसी स्कूल है, जहां छोटे बच्चे पढ़ने आते हैं। वहीं अंबेडकर स्कूल के पास काली मां का मंदिर भी स्थित है। आरोप है कि दुकान से शराब मिलने के कारण आसपास अक्सर नशे में लोगों की भीड़ रहती है। गाली-गलौज और विवाद के कारण महिलाओं तथा स्कूली बच्चों को रास्ते से निकलने में परेशानी होती है।
महिलाएं पहुंचीं तो प्रशासन भी पहुंचा
प्रदर्शन की सूचना पर एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया, सीएसपी मनीष त्रिपाठी और कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में किराना दुकान की जांच की गई। जांच के दौरान शराब मिलने के बाद दुकान बंद करा दी गई। हालांकि, अधिकारियों के पहुंचने से पहले ही दुकान संचालक शिवकुमार वहां से चला गया था।
आबकारी एक्ट में कार्रवाई
पुलिस और आबकारी विभाग ने शिवकुमार चौधरी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। अधिकारियों के अनुसार शराब की बरामदगी और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
