Today

बिलासपुर में व्याख्याता की दबंगई से खौफ में प्राचार्य, पचपेड़ी थाने में शिकायत दर्ज, मांगी पुलिस सुरक्षा

बिलासपुरः मस्तूरी विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लोहर्सी सोन में व्याख्याता सानुज राम सोनी द्वारा अपने ही संस्था प्रमुख चिंताराम कश्यप को सबके सामने धमकाने व विवाद करने का मामला सामने आया था। वहीं अब प्राचार्य ने पूरे मामले की शिकायत पचपेड़ी थाने में और उच्चाधिकारियों से की है। इसमें उन्होंने कार्रवाई के साथ ही व्याख्याता द्वारा हमला करने की आशंका पर सुरक्षा की मांग की है।

इससे पहले इंटरनेट मीडिया पर व्याख्याता द्वारा प्राचार्य को धमकी देने का वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा था। प्राचार्य द्वारा इस मामले में की गई शिकायत के अनुसार घटना गुरुवार सुबह प्रार्थना के ठीक बाद की है। वायरल वीडियो और लिखित शिकायत में पीड़ित प्राचार्य चिंताराम कश्यप ने बताया कि व्याख्याता सानुज राम सोनी ने उपस्थिति पंजी पर हस्ताक्षर के बाद पुराने अवकाश को लेकर दबाव बनाया और अभद्र भाषा का प्रयोग किया।

वीडियो में बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य स्टाफ व रिकार्डिंग कर रहे संकुल समन्वयक के साथ भी दुर्व्यवहार होने का दावा पचपेडी थाने में की गई शिकायत में किया गया है। प्राचार्य चिंताराम कश्यप ने अपनी शिकायत में भविष्य में किसी अप्रिय शारीरिक हादसे की आशंका जताते हुए थाने से सुरक्षा व कार्रवाई की गुहार लगाई है।

आवेदन में यह कहा

प्राचार्य चिंताराम कश्यप ने जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी मस्तूरी शिवराम टंडन और पचपेड़ी थाने में प्रभारी कमला पुसाम को आवेदन दिया है। प्राचार्य ने व्याख्याता के आक्रामक तेवर से उन्हें भविष्य में अपने ऊपर हमले का खतरा बताया है। पत्र में सुरक्षा व कार्रवाई की मांग की है।

स्टाफ ने की पुष्टि, वीडियो साक्ष्य संलग्न

इंटरनेट पर प्रसारित शिकायत पत्र में विद्यालय के शिक्षक हेमंत कुमार पटेल व अशोक कुमार वर्मा व अन्य सभी ने बीईओ शिवराम टंडन को दिए आवेदन में साइन किया है। पत्र के अनुसार संकुल समन्वयक द्वारा बनाए गए घटना के वीडियो व आडियो साक्ष्य उच्चाधिकारियों को सौंपे हैं, जिसकी क्लिप अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।[rashi mandal]

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *