Today

बिलासपुर में 300 मवेशी दलदल में फंसे, 30 से अधिक की मौत शव नाले में बहाए, गो सेवा आयोग दर्ज कराएगा FIR

 बिलासपुरः फसलों की सुरक्षा के नाम पर बनाए गए अस्थायी बाड़ेनुमा गोठान अब बेजुबानों के लिए साक्षात काल साबित हो रहे हैं। सीपत तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत झलमला में बनाए गए अस्थायी गोठान में बीते दो दिन के भीतर कीचड़ में धंसने और भूख-प्यास के कारण मवेशियों की तड़प-तड़पकर मौत हो गई। गांव के सरपंच का कहना है कि दो दिनों में 14 मवेशियों की मौत हुई है।वहीं ग्रामीण मृत मवेशियों की संख्या 30 से ज्यादा बता रहे हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में भारी आक्रोश फैल गया है। खेतों में फसलों को बचाने के लिए दो माह पूर्व खुले मैदान में तार फेंसिंग कर यह अस्थायी गोठान तैयार किया गया था, जहां 300 से अधिक मवेशियों को ठूंस दिया गया था।

लगातार बारिश के चलते पूरा परिसर गहरे दलदल में बदल गया। न तो सिर छिपाने के लिए शेड था और न ही पेट भरने के लिए चारे-पानी का उचित इंतजाम। ग्रामीणों का कहना है कि शनिवार को 23 और रविवार को आठ मवेशियों ने घुटनों तक कीचड़ में धंसकर दम तोड़ दिया। विशेष योजना के तहत पैरा जुटाने के दावों के बीच मवेशियों को भूखा रखा गया।

हद तो तब हो गई जब मौतों को छुपाने के लिए बैकहो लोडर से शवों को आनन-फानन में दफनाने और कुछ को नाले में बहाने के गंभीर आरोप भी सामने आए हैं। हालांकि सरपंच 14 मौतों की बात कहते हुए बीमारी का हवाला दे रहे हैं, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और एफआइआर दर्ज करने की मांग की है।

जैतपुर: बाढ़ के कीचड़ में फंसे 200 गोवंश, नौ की मौत

मस्तूरी के ग्राम जैतपुर स्थित श्रीधाम गोधाम में लीलागर नदी की बाढ़ का पानी भरने के बाद पूर्व में नौ गायों की मौत हो गई थी। गोधाम में घुटनों तक दलदल में खड़े 200 से अधिक मवेशी खुले आसमान के नीचे तिल-तिल कर मरने को मजबूर थे। मामले की जानकारी लगते ही पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने मवेशियों को दलदल युक्त गोधाम से बाहर निकल कर सुरक्षित किया था।

ओखर: छह गायों की मौत का मामला अभी शांत नहीं

मस्तूरी क्षेत्र के ओखर गोधाम में भी पूर्व में छह मवेशियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया था। इस घटना को लेकर क्षेत्र में भारी आक्रोश पनपा था। ओखर की घटना से सबक लेने के बजाय जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते झलमला में यह घटना हो गई। वही मस्तुरी क्षेत्र में एक के बाद एक बेजुबानों की मौत का सिलसिला जारी है।[rashi mandal]

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *