Today

राजनांदगांव के हजारों लोगों को खरीदना पड़ सकता है महंगा सिलिंडर, बचने के लिए तुरंत करें ये काम

राजनांदगांव। गैस सिलिंडर के ग्राहकों के लिए केवाइसी की समय सीमा 30 सितंबर को समाप्त होने के बाद भी जिले में लगभग 14 हजार उपभोक्ता शेष हैं। हालांकि अब भी उपभोक्ताओं के पास घर बैठे केवाइसी पूरी करने के साथ ही कामन सर्विस सेंटर (सीएससी) और एजेंसियों में जाकर प्रक्रिया पूरी करने का विकल्प उपलब्ध है। इसके अलावा उपभोक्ताओं के पास दूसरा विकल्प महंगे एलपीजी सिलिंडरों का है।

महंगे सिलिंडर का विकल्प और दोहरे कनेक्शन की चुनौती

गैस एजेंसी के संचालकों के मुताबिक जिन ग्राहकों की केवाइसी नहीं हुई है अब उनके पास 780 रुपये में पांच किलो और 1700 रुपये में 10 किलो वाला सिलिंडर लेने का ही विकल्प रहेगा। दूसरी ओर एक अक्टूबर से त्योहारी सीजन के बीच कमर्शियल सिलिंडरों के दाम में भी 70 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। बता दें कि, जिले में एलपीजी गैस की 15 एजेंसियां हैं। जिन्होंने केवाईसी नहीं कराई है उन बचे हुए मामलों में जानकारी आ रही है कि कई परिवार एक ही नाम से अलग-अलग जगहों पर दोहरे कनेक्शन वाले हैं, जो केवाइसी से दूर हैं।

नियमत: किसी एक व्यक्ति के नाम पर एक ही गैस कनेक्शन लिया जा सकता है। इसके अलावा कुछ शिकायतें ऐसे मामलों को लेकर सामने आई है जिनमें वृद्धों के फिंगर प्रिंट और आंखों के रेटिना से भी केवाईसी नहीं हो पा रही है। लेकिन इनके लिए अब तक कोई गाइड लाइन भी जारी नहीं की गई है।

ऐसे पूरी करें गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी

गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी के लिए उपभोक्ताओं के पास ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों विकल्प हैं। ऑफलाइन प्रक्रिया में नजदीकी गैस एजेंसी जाकर कंज्यूमर नंबर और पहचान पत्र के साथ बायोमेट्रिक सत्यापन कराया जा सकता है। इसके अलावा सिलेंडर की डिलीवरी के समय कर्मचारी के आधिकारिक डिवाइस से भी आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन कराया जा सकता है।

घर बैठे भी कर सकते हैं ई-केवाईसी (ऑनलाइन प्रक्रिया)

संबंधित गैस कंपनी के मोबाइल एप से भी ई-केवाइसी की जा सकती है। इसके लिए…

  • पंजीकृत मोबाइल नंबर से कंपनी के एप में लॉगिन करें।
  • ई-केवाईसी या आधार सत्यापन का विकल्प चुनें।
  • एलपीजी कनेक्शन का विवरण जांचकर आधार सत्यापन शुरू करें।
  • आधार संबंधी जानकारी की पुष्टि कर बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण पूरा करें।
  • प्रक्रिया पूरी होने के बाद एप में ई-केवाईसी का स्टेटस जांचें। वेरिफाइड दिखने पर ई-केवाइसी पूरी मानी जाएगी।[rashi mandal]

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *