पटना, हिन्दुस्तान ब्यूरो। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि दरभंगा एयरपोर्ट का नामकरण महाकवि विद्यापति के नाम पर रखने का आग्रह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से करेंगे। इस एयरपोर्ट का रनवे चार किलोमीटर लंबा होगा। यह पटना एयरपोर्ट के रनवे से डेढ़ गुना ज्यादा होगा। इसका विस्तार पटना और गयाजी एयरपोर्ट से भी बड़ा होगा, जमीन अधिग्रहण का कार्य शुरू हो गया है। यहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ान की सुविधा मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि यहां के नये टर्मिनटल भवन का निर्माण मार्च 2027 तक पूरा होगा।
मुख्यमंत्री ने रविवार को दरभंगा के नागेंद्र झा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने 346 करोड़ से अधिक की 103 परियोजनाओं का उद्घाटन तथा दो का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकवि विद्यापति मिथिला की महान पहचान हैं। उनकी प्रतिमा राजकीय सम्मान के साथ स्थापित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने मिथिला की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि बिहार के विद्यालयों में कक्षा एक से छह तक मैथिली भाषा में पठन-पाठन की व्यवस्था की जाएगी। मां सीता के नाम पर एक विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश और बिहार में आधारभूत संरचना के विकास की दिशा में लगातार कार्य हो रहे हैं। दरभंगा में एम्स निर्माण के लिए मिट्टी भराई एवं टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इससे मिथिला एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मिथिला मखाना एवं दूध उत्पादन का प्रमुख केंद्र है।
मिथिला के विकास से बिहार का विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि मिथिला के विकास के बिना बिहार का विकास संभव नहीं है। मिथिला की भाषा, संस्कृति और परंपरा बिहार की पहचान है। मैथिली बिहार की सबसे पुरानी भाषाओं में से एक है। हजारों वर्षों से बोली जा रही इस भाषा का संबंध माता सीता से भी रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार में पांच भाषाएं बोली जाती हैं। इनमें मैथिली का विशेष स्थान है। मैं भी इसी मिट्टी का रहने वाला हूं। मेरा जिला मुंगेर है, जहां लोग अंगिका भाषा बोलते हैं। मैथिली और अंगिका में काफी समानता है। उन्होंने मिथिला की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने और इसके विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता जताई।
2037 तक विकसित और समृद्ध राज्य बनेगा बिहार
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2037 में बिहार अपनी स्थापना के 125 वर्ष पूरे करेगा। उस समय तक बिहार को विकसित एवं समृद्ध राज्य बनाने के लिए सरकार संकल्पित होकर कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, ऊर्जा, कृषि, पर्यटन एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य किए जा रहे हैं। राज्य सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक बिहार में 30 हजार मेगावाट बिजली का उत्पादन करना है। वर्ष 2030 तक एक करोड़ परिवारों को उद्यमी बनाने का लक्ष्य निर्धारित है। 1700 एकड़ में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर को धरातल पर उतारा गया है। इसी तर्ज पर दरभंगा में भी इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित करने की दिशा में कार्य शुरू किया जाएगा। मौके पर पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, मंत्री मदन सहनी, सांसद गोपाल जी ठाकुर, धर्मशीला गुप्ता, अशोक यादव आदि उपस्थित थे।
