उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी हर मोर्चे पर तैयारियों में जुट गई है। वहीं कांग्रेस से सीट शेयरिंग को लेकर चल रही बातचीत के बीच में समाजवादी पार्टी ने एक बड़ा कदम उठाया है। सपा ने कांग्रेस से गठबंधन और सीट बंटवारे पर बातचीत के लिए एक कमेटी का गठन किया है। सपा ने साांसद रामगोपाल यादव की अध्यक्षता में चार सदस्यीय गठबंधन कमेटी बनाई है।दोनों दलों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर 23 और 24 नवंबर को बातचीत प्रस्तावित है।
सपा ने बनाई कमेटी
गठबंधन की बातचीत के लिए सपा की एक अन्य चार सदस्यीय कमेटी में राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और सांसद इकरा चौधरी को शामिल किया गया है। पार्टी नेतृत्व ने इन नेताओं को गठबंधन से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की जिम्मेदारी सौंपी है। दूसरी ओर, कांग्रेस भी बातचीत की तैयारी कर चुकी है। पार्टी ने प्रियंका गांधी के नेतृत्व में पांच सदस्यीय कमेटी बनाई है। अब दोनों दलों के प्रतिनिधियों की दिल्ली में होने वाली बैठक पर सबकी नजरें टिकी हैं। इस बातचीत में सबसे अहम मुद्दा यही रहेगा कि 2027 के चुनाव में कौन-सी पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी और सीटों का बंटवारा किन मानकों के आधार पर होगा।
सपा और कांग्रेस के बीच यह बातचीत इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि सीटों को लेकर सहमति ही गठबंधन की चुनावी रणनीति और आगे की राह तय करेगी। अब देखना होगा कि दोनों दल कितनी जल्दी किसी फॉर्मूले पर पहुंचते हैं और किस रणनीति को अंतिम रूप देते हैं।
सीटे शेयरिंग को लेकर फंसा है पेंच
बता दें कि, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर सियासी हलचल तेज हो गई है। दोनों दलों में अभी सीटों का गणित अभी उलझा हुआ है। इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा चर्चा कांग्रेस की 181 सीटों की मांग को लेकर है। जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस ने सपा से उत्तर प्रदेश के 403 विधानसभा सीटों में से 181 सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है।
