Today

प्रदेश में सड़कों की स्थिति की होगी रियल टाइम मॉनिटरिंग, तकनीक से मजबूत होगी निगरानी व्यवस्था

Report by manisha yadav

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने की रोड कंडीशन ट्रैकिंग ऐप की समीक्षा

प्रदेश की 150 से अधिक सड़कों का वीडियो आधारित सर्वेक्षण कर ऐप की टेस्टिंग करने के दिए निर्देश

रायपुर, प्रदेश में ग्रामीण सड़कों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, नियमित रखरखाव एवं निगरानी व्यवस्था को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री विजय शर्मा ने रोड कंडीशन ट्रैकिंग ऐप की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने ऐप की कार्यप्रणाली, तकनीकी विशेषताओं एवं इसके प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की।

अधिकारियों ने बताया कि ऐप में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ चरण की सभी सड़कों को शामिल किया गया है। ऐप के माध्यम से सड़कों की वास्तविक स्थिति की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। इसके अंतर्गत सड़कों का वीडियो तैयार कर उसे दिनांक, समय एवं जियो लोकेशन के साथ ऐप में अपडेट किया जाएगा। सड़कों पर स्थित गड्ढों, क्षतिग्रस्त हिस्सों एवं अन्य समस्याओं को भी मैप किया जाएगा। सड़कों की वस्तुस्थिति की निगरानी के लिए सैटेलाइट इमेज का भी उपयोग किया जाएगा।

सड़कों से संबंधित शिकायतों पर हो सकेगी त्वरित कार्रवाई

इस ऐप के माध्यम से किसी भी सड़क के संबंध में शिकायत प्राप्त होने पर उसकी स्थिति की तत्काल निगरानी की जा सकेगी। इससे सड़क संबंधी समस्याओं की पहचान करने, आवश्यक मरम्मत कार्यों का निर्धारण करने तथा शिकायतों के समयबद्ध निराकरण में सहायता मिलेगी।

हर छह माह में होगा सड़कों का सर्वेक्षण, सर्वेक्षण नहीं होने पर जारी होगा अलर्ट

अधिकारियों ने बताया कि ऐप के माध्यम से प्रत्येक छह माह में सड़कों का सर्वेक्षण किया जाएगा। निर्धारित समयावधि में सर्वेक्षण नहीं होने की स्थिति में ऐप में स्वतः अलर्ट जारी होगा, जिससे संबंधित अधिकारियों को लंबित सर्वेक्षण की जानकारी प्राप्त हो सकेगी। इससे सड़कों की नियमित निगरानी एवं रखरखाव की व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने प्रदेश की 150 से अधिक सड़कों का वीडियो तैयार कर उनका सर्वेक्षण करने तथा ऐप की सभी तकनीकी विशेषताओं का व्यापक परीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने ऐप के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक मानव संसाधन की शीघ्र भर्ती एवं उन्हें समुचित प्रशिक्षण प्रदान करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने मॉनिटरिंग में आने वाली व्यवहारिक समस्याओं की पहचान कर उसके निराकरण के भी निर्देश दिए।

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव श्रीमती ऋचा शर्मा, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के संचालक श्री अश्वनी देवांगन, मुख्य अभियंता श्री के.के. कटारे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। सचिव श्री भीम सिंह भी बैठक में ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *