Today

छत्तीसगढ़ के आत्मानंद स्कूलों में 1812 पदों पर संविदा भर्ती: दुर्ग और रायपुर में बंपर अवसर

रायपुर। लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) ने छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालयों में रिक्त पदों पर नियुक्ति का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए संविदा भर्ती का विस्तृत विज्ञापन जारी कर दिया है। प्रदेशभर के आत्मानंद स्कूलों में शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक संवर्ग के कुल 1812 पदों पर भर्ती की जाएगी। पूर्व में जिला स्तर पर शुरू हुई भर्ती प्रक्रिया 30 मई को निरस्त कर दीं गई थीं। लगभग चार महीने के अंतराल के बाद अब डीपीआई ने केंद्रीकृत व्यवस्था के तहत आवेदन प्रक्रिया शुरू की है।

व्याख्याता (कुल 518 पद): वाणिज्य (104), अंग्रेजी (65), गणित (49), भौतिकी (53), हिंदी (51), संस्कृत (47), रसायन शास्त्र (44), जीव विज्ञान (39), सामाजिक विज्ञान (52), अर्थशास्त्र (3), राजनीति शास्त्र (3), इतिहास (3) और भूगोल (2)।

शिक्षक एवं सहायक शिक्षक: सहायक शिक्षक के सर्वाधिक 590 पद हैं। शिक्षक संवर्ग में अंग्रेजी (106), कला (72), गणित (68), विज्ञान (56) और हिंदी/संस्कृत (34) पद शामिल हैं।

प्रधानपाठक एवं गैर-शैक्षणिक पद: प्राथमिक प्रधानपाठक के 27, पूर्व माध्यमिक के 24, प्रयोगशाला सहायक के 170, ग्रंथपाल (लाइब्रेरियन) के 60, व्यायाम शिक्षक के 50 और कंप्यूटर शिक्षक के 40 पदों पर नियुक्ति होगी।

जिलावार रिक्तियों का वितरण

भर्ती में पदों का आवंटन जिलों की आवश्यकता के आधार पर किया गया है। दुर्ग जिले में सबसे अधिक 229 पदों पर भर्ती होगी, जबकि रायपुर 141 पदों के साथ दूसरे स्थान पर है। प्रमुख जिलों की स्थिति इस प्रकार है:

मध्यम एवं बड़े जिले: बेमेतरा में 103, बिलासपुर में 97, कोरबा में 87, कांकेर में 85, मुंगेली में 82, सक्ती में 73, सरगुजा में 72, बलौदाबाजार व बीजापुर में 61-61, बालोद में 60, नारायणपुर में 59, रायगढ़ में 56 और बस्तर में 55 पद हैं।

कम पद वाले जिले: दंतेवाड़ा व मनेन्द्रगढ़ में 20-20, राजनांदगांव व सूरजपुर में 18-18, सारंगढ़ में 15, सुकमा में 9 और कोरिया में केवल 8 पद शामिल हैं।

30 मई को रद की गई थी मेरिट सूची

मई में जिला स्तरीय चयन समितियों के जरिए शैक्षणिक अंकों की मेरिट सूची तैयार की गई थी, जिसे डीपीआई ने 30 मई को अपरिहार्य कारणों से रद कर दिया था। प्रक्रिया निरस्त होने से 16 जून से शुरू हुए शैक्षणिक सत्र में स्कूलों की पढ़ाई प्रभावित रही। राजधानी रायपुर के भनपुरी, गुढ़ियारी और सप्रे स्कूल जैसे संस्थानों में शिक्षकों की भारी कमी सामने आई थी। अब राज्य स्तर से विज्ञापन जारी होने से चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और गति आने की उम्मीद है।

ये है आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक निर्देश

पात्र और इच्छुक अभ्यर्थी स्कूल शिक्षा विभाग के आधिकारिक पोर्टल https://eduportal.cg.nic.in/ पर जाकर ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे पदवार शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण नियम और मानदेय की विस्तृत शर्तें पोर्टल पर उपलब्ध मूल विज्ञापन से सत्यापित करने के बाद ही समय रहते आवेदन पत्र सबमिट करें।

रायपुर के स्कूलों में भी पद खाली होने से पढ़ाई प्रभावित

पिछली भर्ती प्रक्रिया के दौरान रायपुर के 33 आत्मानंद स्कूलों में 152 पद रिक्त बताए गए थे। इनमें कुछ स्कूलों में शिक्षकों के कई पद एक साथ खाली थे। भनपुरी और गुढ़ियारी के आत्मानंद स्कूलों में 11-11 पद खाली होने की स्थिति सामने आई थी। बूढ़ापारा के सप्रे स्कूल में शिक्षक नहीं होने से 12वीं के विद्यार्थियों को दूसरे स्कूल में प्रवेश लेने की सलाह तक दी गई थी। विरोध के बाद डीएमएफ से शिक्षकों की व्यवस्था की गई थी। अब नए विज्ञापन में रायपुर जिले के लिए 141 पद शामिल किए गए हैं।

पहले मेरिट से हो रही थी भर्ती, मई में कर दी गई थी निरस्त

आत्मानंद स्कूलों में संविदा भर्ती की प्रक्रिया पहले जिला स्तर पर होती थी। अभ्यर्थियों के शैक्षणिक अंकों के आधार पर मेरिट तैयार की जाती थी। इसके बाद पात्र अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाकर अंतिम सूची जारी की जाती थी। इसी प्रक्रिया के तहत इस साल भी भर्ती शुरू हुई थी। रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में पात्र-अपात्र सूची तक जारी कर दी गई थी।[rashi mandal]

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *