
रायपुर। राजधानी के तेलीबांधा थाना क्षेत्र के सतनामी पारा में हंसी-मजाक के दौरान शुरू हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। एक युवक ने 16 साल के किशोर को दो मंजिला मकान की छत से धक्का दे दिया। करीब 15 फीट नीचे गिरने से किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
मोहल्ले में घूमने निकला था किशोर
पुलिस के अनुसार घायल किशोर की पहचान टीकू जांगड़े (16) के रूप में हुई है। वह सतनामी पारा में रहता है और कार धोने का काम करता है। तीन अक्टूबर को वह शाम करीब 8:15 बजे काम से घर लौटा था। कुछ देर आराम करने के बाद उसने अपनी मां से मोहल्ले में घूमने जाने की बात कही और घर से बाहर निकल गया।दो मंजिला छत पर हुआ था विवाद
रात करीब नौ बजे टीकू बालक कुर्रे के दो मंजिला मकान की छत पर पहुंचा। वहां पहले से मौजूद भूपेंद्र घृतलहरे से उसकी किसी बात पर कहासुनी हो गई। पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक देखते ही देखते दोनों के बीच झगड़ा बढ़ गया। इसी दौरान गुस्से में आकर भूपेंद्र ने जान से मारने की नीयत से टीकू को छत से धक्का दे दिया। धक्का लगने से टीकू सीधे नीचे एक मंजिला मकान की छत पर जा गिरा।
अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा किशोर
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टीकू अचेत अवस्था में खून से लथपथ पड़ा था। उसके सिर में गंभीर चोट आई थी और नाक व मुंह से खून बह रहा था। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे उठाकर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने बताया कि उसके सिर में गंभीर चोट के साथ पसलियां भी टूट गई हैं। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। तेलीबांधा पुलिस ने आरोपी भूपेंद्र घृतलहरे के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।[rashi mandal]
