Today

राहुल गांधी ने CM मोहन यादव को लिखा पत्र; मप्र की शिक्षक भर्ती में वर्ग-2 और वर्ग-3 के पद बढ़ाने की उठाई मांग

 भोपाल। मध्यप्रदेश में शिक्षक भर्ती में वर्ग-2 और वर्ग-3 के पद बढ़ाने की मांग को लेकर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखा है। 29 सितंबर को लिखे पत्र में उन्होंने शिक्षक अभ्यर्थियों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने और भर्ती प्रक्रिया में पदों की संख्या बढ़ाने का आग्रह किया है।राहुल गांधी ने पत्र में कहा है कि इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान शिक्षक अभ्यर्थियों ने वर्ग-2 और वर्ग-3 की भर्ती में पदवृद्धि का मुद्दा उठाया था। उन्होंने दावा किया कि मध्यप्रदेश के सरकारी स्कूलों में पहले से ही एक लाख से अधिक शिक्षकों के पद खाली हैं, जिसका असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है।

वर्ग-3 में 13,089 और वर्ग-2 में 10,800 पद

पत्र के अनुसार, शिक्षक भर्ती-2025 में वर्ग-3 के केवल 13,089 और वर्ग-2 के 10,800 पदों पर भर्ती निकाली गई है। राहुल गांधी ने कहा कि युवा अभ्यर्थियों की मांग है कि शिक्षक भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि बच्चों को बेहतर शिक्षा मिलने के साथ हजारों युवाओं को स्थायी रोजगार का अवसर मिल सके।

उन्होंने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि कई अभ्यर्थियों ने परीक्षा में अच्छे अंक हासिल किए हैं और कुछ अतिथि शिक्षक के रूप में भी कार्य कर रहे हैं। सीमित पदों के कारण कई अभ्यर्थी स्थायी नौकरी से वंचित रह जा रहे हैं और कुछ आयु सीमा के करीब पहुंच चुके हैं।

राहुल गांधी ने पत्र में कहा कि शिक्षक अभ्यर्थी अपनी मांग सरकार तक पहुंचाने के लिए आंदोलन और भूख हड़ताल करने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बात सुनने के बजाय सरकार की ओर से उन्हें नोटिस भेजकर डराने की कोशिश की जा रही है।

नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री से आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों को भेजे गए नोटिस तत्काल वापस लेने, उनके प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी बात सुनने तथा वर्ग-2 एवं वर्ग-3 शिक्षक भर्ती में पदवृद्धि और दूसरे चरण की काउंसलिंग जल्द शुरू करने का अनुरोध किया है।[rashi mandal]

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *