टी20 क्रिकेट में भारत के सुपरास्टार बल्लेबाज विराट कोहली के नाम अनेक दमदार रिकॉर्ड्स हैं। वह टेस्ट और टी20 इंटरनेसनल से संन्यास ले चुके और अब भारत के लिए सिर्फ वनडे में एक्टिव हैं। हालांकि, कोहली आईपीएल में टी20 क्रिकेट खेलते हैं। साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने भी सबसे छोटे फॉर्मेट में गजब की छाप छोड़ी। वह अकेले दम पर मैच का रुख पलटने का माद्दा रखते थे। अफगानिस्तान के धाकड़ स्पिनर राशिद खान से जब सर्वकालिक महान टी20 क्रिकेटर चुनने के लिए कहा गया तो उन्होंने कोहली या डिविलियर्स पर अपनी पसंद की मुहर नहीं लगाई। राशिद की नजर में भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह सबसे महान T20 क्रिकेटर हैं। बुमराह ने 2013 में मुंबई इंडियंस (एमआई) की ओर से आईपीएल डेब्यू किया था। वह तब से एमआई का हिस्सा हैं। बुमराह ने 2016 में इंटरनेशनल डेब्यू किया था।
जब कोहली बनाम बुमराह हुआ तो…
क्रिकइन्फो द्वारा ‘एक्स’ पर शेयर किए गए एक वीडियो में राशिद से अलग-अलग राउंड में दो खिलाड़ियों में से एक चुनने के लिए कहा गया। पहले राउंड में उन्होंने सुनील नरेन के बजाय खुद को चुना। उन्होंने आंद्रे रसेल पर एबी डिविलियर्स को दरजीह दी। उन्होंने क्रिस गेल की जगह कोहली को और कीरोन पोलार्ड के बजाय बुमराह को चुना। दूसरे राउंड में T20I में सबसे ज्यादा शिकार (197) करने वाले राशिद से खुद के और डिविलियर्स के बीच में से चुनने के लिए कहा गया तो उन्होंने साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज को प्राथमिकता दी। जब कोहली बनाम बुमराह हुआ तो राशिद ने फौरन जवाब नहीं दिया। उन्होंने कुछ देर सोचने के बाद कोहली की जगह बुमराह तो चुना। आखिर में राशिद से डिविलियर्स और बुमराह के बीच सर्वकालिक महान टी20 क्रिकेटर का चुनाव करने के लिए कहा गया तो अफगानी स्पिनर ने भारतीय पेसर को चुना। उन्होंने अंत में कहा, ”बुमराह अविश्वसनीय हैं।”
बुमराह ने दो बार जीता T20 वर्ल्ड कप
32 वर्षीय बुमराह आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए सबसे ज्यादा विकेट (187) लेने वाले और टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए दूसरे सबसे ज्यादा विकेट (126) लेने वाले गेंदबाज हैं। वह दो बार के टी20 वर्ल्ड कप विजेता हैं और पांच आईपीएल ट्रॉफी जीती हैं। टेस्ट और T20I में अपने यादगार प्रदर्शन के लिए 2024 में बुमराह को ICC प्लेयर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड मिला था। वह 2024 टी20 वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट थे। बुमराह ने भारत के लिए पिछला टी20 मैच एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में खेला था, जहां भारत ने पाकिस्तान को हराकर गोल्ड मेडल हासिल किया। बुमराह को वेस्टइंडीज के खिलाफ जारी पांच मैचों की टी20 सीरीज से आराम दिया गया है। वह इस महीने के आखिर में न्यूजीलैंड दौरे पर शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज में भी नहीं खेलेंगे।
